कहीं नहीं है प्रधानमंत्री मोदी जैसा व्यक्तित्व ? देश की सेवा में समर्पित रहा है उनका पूरा जीवन : मनोज पाण्डेय

ऊँचाहार, रायबरेली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा व्यक्तित्व कही नहीं है , उनका पूरा जीवन भारतीय समाज और भारत देश की सेवा में समर्पित है। यह विचार बुधवार को पीएम मोदी के जन्मदिवस पर ऊंचाहार सीएचसी में आयोजित सेवा पखवारा के स्वास्थ शिविर में विधायक डॉ मनोज पांडेय ने व्यक्त किए। शिविर का आयोजन भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रांतीय मंत्री अभिलाष कौशल ने किया था ।

विधायक ने शिविर का उद्घाटन करने के बाद कहा कि महान व्यक्तित्व के धनी मोदी जी का संपूर्ण जीवन दूसरे की भलाई के लिए समर्पित रहा , वह निष्काम भाव से पूरे समाज की सेवा करते हैं । आज उनके जन्मदिन पर इसी भाव के साथ सेवा पखवारा आयोजित किया गया है । इस शिविर में मरीजों की जांच की गई, उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान किया गया और पौष्टिक फल वितरित किए गए।

शिविर का मुख्य उद्देश्य जनकल्याण और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाना था। स्वास्थ्यकर्मियों ने रोगियों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उन्हें उचित सलाह दी। विशेष रूप से छोटे बच्चों के पोषण पर भी ध्यान केंद्रित किया गया। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा बच्चों को दूध पिलाया गया और उनकी माताओं को बच्चों की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए। इस दौरान सीएचसी पर विभिन्न प्रकार के स्टाल भी लगाए गए।इस अवसर पर प्रमुख रूप से सीएचसी अधीक्षक डॉ मनोज शुक्ल , पूर्व जिला पंचायत सदस्य राजा जितेंद्र बहादुर सिंह , आशीष तिवारी आदि मौजूद थे।

एनटीपीसी ऊंचाहार में धूमधाम से मनाई गई विश्वकर्मा जयंती

ऊँचाहार, रायबरेली। सृष्टि के शिल्पी भगवान विश्वकर्मा जी की जयंती एनटीपीसी ऊंचाहार में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। परियोजना प्रमुख अभय कुमार श्रीवास्तव ने श्री विश्वकर्मा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पूजा अर्चना की।

एनटीपीसी ऊंचाहार

पूजन परंपरा में अन्य महाप्रबंधक, विभागाध्यक्ष, यूनियन एवं एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं महासचिव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं एनटीपीसी कर्मचारी शामिल होकर भगवान विश्वकर्मा को नमन किया। प्लांट में काम करने वाले 120 श्रमिकों को परियोजना प्रमुख ने पुरस्कृत करके कर्म प्रधान भावना को बल दिया।

पर्व आयोजन समिति के मुख्य सचिव चंद्रजीत सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन भी हुआ जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। ऊंचाहार विद्युत ग्रह के अन्य विभागों तथा संविदा एजेंसियों ने भी श्री विश्वकर्मा जयंती मनाई तथा प्रसाद वितरित किया।

भाजपा नेता पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपए ऐंठने का आरोप

ऊँचाहार, रायबरेली। भाजपा के जिला महामंत्री पर चार युवकों ने नौकरी दिलाने का झांसा देकर रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है । चारों पीड़ित युवकों ने कोतवाली में मामले की तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है ।

ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के गांव मिर्जापुर ऐहारी निवासी आजाद कुमार पटेल , दिलमन पुर गांव निवासी दिलीप कुमार पटेल , डिडौली गांव निवासी दीपचंद और टिंकू का कहना है कि उनकी मुलाकात कुछ समय पहले जगतपुर थाना क्षेत्र के गांव कुसुमी कल्याणपुर निवासी सोनू सिंह से हुई थी । वह बीजेपी के जिला महामंत्री है । युवकों का आरोप है कि उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा देकर उनसे चालीस चालीस हजार रुपए लिए ।

काफी इंतजार का बाद जब उन्हें नौकरी नहीं मिली तो युवकों ने उनसे अपने रुपए वापस मांगे । आरोप है कि रूपये वापस मांगने पर अब वह धमकी देते है ,और रूपये वापस करने से इनकार कर दिया । परेशान होकर चारों युवक कोतवाली पहुंचे और मामले की तहरीर दी है । इस बाबत प्रभारी कोतवाल सियाराम राजपूत ने बताया कि जहां रुपए का लेनदेन हुआ है वह स्थल जगतपुर थाना क्षेत्र का बताया जाता है , फिर भी मामले की पड़ताल की जा रही है।

 

Related Articles

Back to top button